उमरिया- भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा पाली छात्रावास परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य और कृष्ण भक्ति से सजे इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।इस अवसर पर युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संघर्ष, कर्म और आदर्शों से परिचित कराया। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों एवं उनके उपदेशों की जानकारी देते हुए छात्राओं से कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, हमें अपने कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सत्य, सदाचार, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को उनके उत्साह एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। ऐसे आयोजन केवल धार्मिक पर्व मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में छात्रावास सारिका शर्मा एवं सरस्वती सिंह धुर्वे, युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी, अभिनव द्विवेदी और राघवेंद्र सिंह की विशेष सहभागिता रही। छात्रावास की ओर से अनन्या सिंह, साधना सिंह, रागिनी सिंह, सरिता सिंह, महिमा सिंह, यशोदा सिंह, माहेश्वरी सिंह तथा काजल सिंह कोल ने गीत एवं नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजा श्रीकृष्ण का संदेश : छात्राओं ने गीत-नृत्य से सजाया सांस्कृतिक कार्यक्रम