स्कूल में बच्चों को परोसा कीड़े वाले चावल, पानी वाली दाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत : जाँच की मांग

अनूपपुर- जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बसही के ग्राम भर्राटोला स्थित शासकीय प्राथमिक पाठशाला में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कलेक्टर अनूपपुर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शासकीय प्राथमिक पाठशाला भर्राटोला (बसही), डाइस कोड 23471100502 में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बच्चों के लिए तैयार किया जाने वाला मध्यान्ह भोजन शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है। आरोप है कि बच्चों को पानी जैसी पतली दाल दी जाती है, जबकि सब्जी में मुख्य रूप से केवल आलू और सोयाबीन की बड़ी का उपयोग किया जाता है। ग्रामीण शिकायतकर्ताओं ने भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप के अनुसार चावल में कीड़े पाए जाते हैं, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मध्यान्ह भोजन के लिए मिलने वाली खाद्यान्न सामग्री स्व-सहायता समूह के सुपुर्द करने के बजाय कथित तौर पर अन्य व्यक्ति के पास रखी जा रही है। इसके कारण विद्यालय में पर्याप्त खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं हो पाती और बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिल रहा है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए बच्चों को शासन के निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में संबंधित पक्ष का बयान समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!