उचित मूल्य दुकान संचालक पर लगाए अनियमितता और अभद्रता के आरोप
बड़वानी । मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की बड़वानी जनपद पंचायत के नर्मदा पट्टी क्षेत्र स्थित बिजासन और अमराली ग्राम पंचायतों की 150 से अधिक महिलाओं ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उचित मूल्य दुकान की कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि पिछले दो माह से उन्हें नियमित रूप से राशन नहीं मिल रहा है और दुकान संचालक द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है। प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने खाद्य विभाग को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने खाद्य अधिकारी भरत सिंह जमरे को दिए ज्ञापन में बताया कि बिजासन में ‘मां सरस्वती स्व-सहायता समूह’ के नाम से उचित मूल्य दुकान संचालित है। उनका आरोप है कि नियमानुसार दुकान का संचालन समूह की महिला सदस्य को करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय उसका पति दुकान का संचालन कर रहा है। महिलाओं ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए संबंधित व्यक्ति को हटाने की मांग की।
दो महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि पिछले दो माह से नियमित राशन वितरण नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि दुकान महीने में 10 तारीख के बाद केवल दो-तीन दिन ही खुलती है, जिससे अधिकांश हितग्राही राशन लेने से वंचित रह जाते हैं। महिलाओं का यह भी कहना है कि कई बार पहले ही राशन पर्चियां निकाल ली जाती हैं और चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता देकर वितरण किया जाता है, जिससे कई पात्र हितग्राहियों का राशन लैप्स हो जाता है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि राशन लेने के लिए उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन कई बार बिना राशन लिए वापस लौटना पड़ता है। इससे उनकी दिहाड़ी मजदूरी भी प्रभावित होती है और परिवार के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो जाता है प्रदर्शनकारियों ने दोषी संचालक के खिलाफ कार्रवाई, लैप्स हुए राशन का वितरण सुनिश्चित करने तथा उचित मूल्य दुकान का संचालन नियमानुसार कराने की मांग की। खाद्य अधिकारी भरत सिंह जमरे ने महिलाओं से ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।